Search

 
 
 

झारखंड की जेलों में 29 क्लर्कों की होगी सीधी भर्ती, 12वीं पास अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

Ranchi News : अभ्यर्थियों को सॉफ्टवेयर की जानकारी भी होनी चाहिए, जिसकी जांच परीक्षा के दौरान की जाएगी. नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है. अधिकतम आयु सीमा कार्मिक विभाग के प्रचलित नियमों के अनुसार लागू होगी.
 
होटवार जेल
  • अगले महीने आ सकता है विज्ञापन

Ranchi News : झारखंड की जेलों में निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 पदों पर नियुक्ति की तैयारी शुरू हो गई है. गृह विभाग ने इन पदों पर बहाली से संबंधित प्रारंभिक जानकारी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दी है. आयोग की ओर से नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. इसके लिए नवंबर में विज्ञापन जारी होने की संभावना जताई गई है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

इन पदों पर भर्ती झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली, 2025 के तहत होगी. अभ्यर्थियों का चयन झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा.

 

12वीं पास के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी

इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना अनिवार्य होगा. इसके अलावा सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा प्रमाणपत्र होना चाहिए.

 

अभ्यर्थियों को सॉफ्टवेयर की जानकारी भी होनी चाहिए, जिसकी जांच परीक्षा के दौरान की जाएगी. नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है. अधिकतम आयु सीमा कार्मिक विभाग के प्रचलित नियमों के अनुसार लागू होगी.

 

जेलों में लिपिकों के 49 पद सृजित

गृह विभाग ने राज्य की जेलों के लिए कुल 49 लिपिक पद सृजित किए हैं. इनमें 29 निम्नवर्गीय लिपिक और 20 उच्चवर्गीय लिपिक के पद शामिल हैं. निम्नवर्गीय लिपिकों की सीधी नियुक्ति की जाएगी, जबकि उच्चवर्गीय लिपिकों के पदों को प्रोन्नति के माध्यम से भरा जाना है.

 

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में शुरू हुई संबंधित प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया हाल ही में रद्द कर दी गई थी. अब जेलों के लिपिक पदों को शामिल करते हुए परीक्षा प्रक्रिया नए सिरे से शुरू किए जाने की तैयारी है.

 

जेलों में रिक्त पदों पर हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी

झारखंड की जेलों में विभिन्न श्रेणियों के पद खाली रहने के मामले में हाईकोर्ट ने हाल ही में नाराजगी जताई थी. सुनवाई के दौरान झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से बताया गया कि जेल वार्डन, पैरामेडिकल स्टाफ और सहायक कारापाल के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है.

 

पैरामेडिकल स्टाफ के लिए परीक्षा आयोजित की जा चुकी है और शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची जारी करने की बात कही गई है. वहीं, सहायक कारापाल और जेल वार्डन के पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जानी है. सहायक कारापाल की नियुक्ति के लिए 28 अक्टूबर से शारीरिक जांच परीक्षा प्रस्तावित है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही