Ranchi News: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के नाम पर घर बुलाकर लोगों के साथ मारपीट, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग कर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को पुरानी रांची कोतवाली निवासी मो. नसीम ने नामकुम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि उन्हें मसाज के नाम पर घर बुलाया गया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई और बाद में आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए रंगदारी की मांग की गई.
इसे भी पढ़ें:
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सानिया प्रवीण (24), मो. हैदर (25) और मो. वसीम उर्फ छोटू (29) को गिरफ्तार किया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस का दावा है कि आरोपी एक गिरोह बनाकर इसी तरीके से लोगों को निशाना बनाते थे.
बताया गया कि मोबाइल के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें मसाज के बहाने एक महिला के घर बुलाया जाता था. वहां पहले से मौजूद सहयोगियों द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती थी और कपड़े उतरवाकर फोटो एवं वीडियो बना लिए जाते थे.
इसके बाद कथित तौर पर पीड़ित के पास मौजूद नकदी और जेवरात लूट लिए जाते थे. बनाए गए फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रंगदारी की रकम मांगी जाती थी.
मो. नसीम के साथ भी इसी तरीके से घटना को अंजाम दिया गया. आरोप है कि उनके साथ मारपीट कर 46 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन लूट ली गई. इसके बाद वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई.
गिरफ्तार आरोपियों में मो. हैदर और मो. वसीम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

