- कालाझरिया रोड पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक
- मुर्गाबनी मोड़ पर खंभे से टकराई बाइक, दो की मौत
Jamtara News: जिले में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. पहली घटना कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कालाझरिया रोड पर हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में रत्नोडीह निवासी पिंटू रवानी (36) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी मोड़ के पास हुई, जहां बाइक के खंभे से टकराने पर दो युवकों की जान चली गई.
इसे भी पढ़ें:
कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कालाझरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में पिंटू रवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रत्नोडीह निवासी राजेंद्र कुमार और अनिशा खातून तथा बरियारपुर निवासी बबुआ अंसारी घायल हो गए. स्थानीय लोगों और जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल की मदद से घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. पिंटू रवानी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं. उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दूसरी दुर्घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी मोड़ के पास हुई. यहां जेएच 21 ए 0552 नंबर की मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई. हादसे में पत्रादिह गांव निवासी अनिल हांसदा और छोटेलाल मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान उनकी मौत हो गई.
एक ही दिन में दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने की बात दोनों घटनाओं में सामने आई है. इन हादसों ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

