Search

PGT नियुक्ति में देरी से 334 अभ्यर्थी परेशान, राज्यपाल से जल्द नियुक्ति पत्र देने की मांग

  • JSSC की दूसरी सूची के अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा, फिर भी नहीं मिली नियुक्ति

Ranchi: झारखंड में स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक (PGT) नियुक्ति 2023 को लेकर एक बार फिर देरी का मुद्दा सामने आया है. 8 विषयों के 334 अभ्यर्थियों ने जिनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है, अब तक अंतिम चयन सूची जारी नहीं होने और नियुक्ति पत्र नहीं मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है.


अभ्यर्थियों ने इस संबंध में राज्यपाल को आवेदन देकर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2023 और 03/2023 के तहत 10 फरवरी 2026 को दूसरी सफल सूची जारी की गई थी. इसके बाद 18 से 24 फरवरी 2026 तक सभी चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन भी कर लिया गया, लेकिन करीब दो महीने बीतने के बावजूद आगे की प्रक्रिया लंबित है.


अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति में हो रही देरी से उनके बीच निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है. वहीं दूसरी ओर राज्य के +2 विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी पहले से ही बनी हुई है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है.


आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है और नामांकन प्रक्रिया भी जारी है. कई विद्यालयों को उच्चतर माध्यमिक स्तर पर उत्क्रमित तो कर दिया गया है, लेकिन वहां विषयवार शिक्षकों के पद सृजित नहीं किए गए हैं. इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.


इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद किए जाने के बाद +2 विद्यालयों पर दबाव और बढ़ गया है. अभ्यर्थियों ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि शिक्षा और छात्र हित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द अंतिम चयन सूची प्रकाशित कर नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश दिया जाए, ताकि स्कूलों में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//