Palamu News: पलामू जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सितंबर और अक्टूबर महीने में खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 34 वाहनों को जब्त किया और 35 लाख 95 हजार रुपये जुर्माना वसूला.
मंगलवार को डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सितंबर-अक्टूबर में खनन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की गई. वहीं विभिन्न अंचलों की समीक्षा में कुल 35 वाहन जब्त किए जाने की जानकारी दी गई. इसमें छतरपुर अंचल सबसे आगे रहा, जहां सर्वाधिक 9 वाहन जब्त किए गए. दूसरी ओर विश्रामपुर, हैदरनगर, पांकी, तरहसी, मोहम्मदगंज, नौडीहा बाजार और उंटारी रोड अंचल में एक भी वाहन जब्त नहीं किया गया.
इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के मामलों में सक्रियता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में एक भी वाहन जब्त नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दर्शाता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

