Jamtara News: जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को 50 किसानों का दल पांच दिवसीय अंतरराज्यीय प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण कार्यक्रम के लिए पश्चिम बंगाल रवाना हुआ. समाहरणालय परिसर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किसानों से भरी बस को रवाना किया.
मौके पर उपायुक्त ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों की जानकारी देना है, ताकि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें.
उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान नई तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों को बारीकी से सीखने तथा वापस लौटकर अपने खेतों में उनका प्रयोग करने की अपील की. साथ ही कहा कि किसान प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को दूसरे किसानों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें.
इसे भी पढ़ें:
यह कार्यक्रम कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के उद्यान विभाग की मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित किया जा रहा है. इसके तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड से चयनित कुल 50 किसानों को प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट के लिए पश्चिम बंगाल के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), हुगली भेजा गया है.
फल-सब्जी और फूलों की खेती की सीखेंगे तकनीक
25 नवंबर से 29 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीक, उन्नत कृषि पद्धति, फल एवं सब्जी उत्पादन, पुष्प उत्पादन सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा किसानों को सफल कृषि मॉडल और नई तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि वे कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर खेती को अधिक लाभकारी बना सकें.
प्रशासन को उम्मीद है कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी और तकनीकों को किसान अपने खेतों में अपनाएंगे, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी. इस मौके पर भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना सहित कृषि विभाग के अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

