Search

500 करोड़ की सोलर परियोजना तैयार, गेतलसूद से रोशन होंगे 1 लाख घर

Ranchi :   रांची के गेतलसूद डैम में बन रहा 100 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति की जानकारी दी.

 

संजय सेठ ने बताया कि करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह प्लांट लगभग बनकर तैयार है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा. इसके शुरू होने से रांची के करीब एक लाख घरों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी.

 

उन्होंने कहा कि 172 एकड़ क्षेत्र में फैली यह परियोजना रांची और आसपास के इलाकों की बिजली समस्या को दूर करने में अहम भूमिका निभाएगी. यह राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी.

 

संजय सेठ ने जानकारी दी कि इस परियोजना का प्रस्ताव दिसंबर 2021 में केंद्र सरकार को भेजा गया था. मार्च 2022 में इसे मंजूरी मिली और इसके बाद तेजी से निर्माण कार्य शुरू हुआ. अब यह परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है.

 

मुलाकात के दौरान संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्री से इस परियोजना के लोकार्पण का आग्रह किया, जिस पर सहमति मिल गई है. निर्माण कार्य पूरा होते ही इसका उद्घाटन किया जाएगा. संजय सेठ ने परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया और कहा कि जनता के सहयोग से यह योजना अब पूरी होने जा रही है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp