Ranchi: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की चार जेलों में कक्षपाल और महिला कक्षपाल के पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है. यह भर्ती विशेष रूप से केवल भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिए निकाली गई है, जिससे उन्हें रोजगार का एक नया अवसर मिल सकेगा.
विभाग की ओर से कुल 68 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसमें से 60 पद पुरुष कक्षपाल और 8 पद महिला कक्षपाल के लिए निर्धारित किए गए हैं. जेलवार रिक्तियों के विवरण के अनुसार, बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार, रांची) में सबसे अधिक 52 पुरुष और 4 महिला कक्षपालों की नियुक्ति की जाएगी. इसके अलावा मंडल कारा गुमला में 2 पुरुष व 1 महिला, मंडल कारा सिमडेगा में 4 पुरुष व 3 महिला व उपकारा खूंटी में 2 पुरुष कक्षपाल के पद शामिल हैं.
इस भर्ती के लिए इच्छुक योग्य अभ्यर्थियों के लिए आगामी 4 जुलाई को वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा. यह इंटरव्यू सुबह 8 बजे से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची के परिसर में शुरू होगा. साक्षात्कार में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी जरूरी मूल प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचना अनिवार्य होगा.
चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, साथ ही प्रत्येक वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने पर मानदेय में 8 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान भी किया गया है. कारा विभाग के अनुसार, यह नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के अनुबंध के लिए होगी, जिसे आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाया जा सकता है.
हालांकि इन पदों पर नियमित नियुक्ति होने की स्थिति में यह संविदा स्वतः ही समाप्त मान ली जाएगी. इसके अतिरिक्त संविदा कर्मियों को एक वर्ष में 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश और सरकारी कार्य से यात्रा करने पर नियमानुसार यात्रा व दैनिक भत्ता भी देय होगा. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस पूरी चयन प्रक्रिया में झारखंड के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment