Search

 
 
 

50 सालों से सूप-दउरा बेच रहे यासीन की जिंदगी में महापर्व छठ पर होने वाली कमाई कैसे बनी बड़ी मददगार

Ranchi News: उस समय सामान खरीदने और बेचने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती थी. बुंडू, तमाड़ और जोन्हा से बांस के सामान खरीदकर लाते थे. इसके बाद गुमला और सिमडेगा समेत दूसरे बाजारों में बेचने के लिए बस से करीब 100 किलोमीटर तक का सफर तय करते थे. आने-जाने में 10 से 12 रुपए किराया खर्च होता था.
 
यासीन
  • 46 साल से बांस के सामान का कारोबार कर रहे 74 वर्षीय मोहम्मद यासीन
  • कभी पत्नी और बेटा भी देते थे साथ, अब अकेले संभाल रहे दुकान

मेहनत और हौसले के बूते व्यवसाय और घर- परिवार की जिंदगी की गाड़ी खींच रहे ईटकी के गुलजार रोड निवासी 74 वर्षीय मोहम्मद यासीन की कहानी संघर्ष और आत्मनिर्भरता की मिसाल है. पिछले 50 वर्षों से वे बांस से बने सूप, दउरा, सूपली और पंखा बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. इसी कारोबार से होने वाली कमाई से उन्होंने अपनी तीन बेटियों की शादी भी कराई. छठ पर्व के दौरान इन सामानों की बिक्री बढ़ जाती है. यासीन बताते हैं कि छठ महापर्व पर अच्छी बिक्री से होने वाली कमाई ने बेटियों की शादी कराने में बड़ी भूमिका निभाई. जाहिर तौर पर छठ महापर्व के आते ही इस काम के प्रति उनकी ऊर्जा बढ़ जाती है. और उम्मीदें भी. 


यासीन अपनी जिंदगी के बारे में बताते हैं, "1955 में इटकी में उनका जन्म हुआ था. 13-14 की उम्र में ही रांची के बलदेव साह लेन में सकीला खातून से उनका निकाह हुआ. उन्होंने 1980 में बांस से बने सामग्री का कारोबार शुरू किया. साल बीते, दशक बीते. यह सफर जारी है. अब उनका यह काम एक स्थापित  व्यवसाय बना गया है."

 

बांस से बने सामान की कीमत पूछने पर वे अतीत में खो जाते हैं. वे कहते हैं, वो दौर और वो जमाना कुछ और था. 80 के दशक में सूप-पंखा का पूरा सामान करीब 10 रुपए में मिल जाता था. खरीदने-बेचने वाले सब सुकून में होते थे. अब एक पंखा भी दस रूपये में नहीं आता. 

 

हालांकि साधन, संसाधन के अभाव में पुराने जमाने में सामान खरीदने और बेचने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती थी. बुंडू, तमाड़ और जोन्हा से बांस के सामान खरीदकर लाते थे. इसके बाद गुमला और सिमडेगा समेत दूसरे बाजारों में बेचने के लिए बस से करीब 100 किलोमीटर तक का सफर तय करते थे. आने-जाने में 10 से 12 रुपए किराया खर्च होता था. यासीन ने बताया कि अब सूप 70-150 रुपया, दउरा- 50-700 रुपया, सूपली 50-100 और पंखा 30-50 रुपया तक खुदरा बाजार में बेच रहे हैं.

इसे भी पढ़ें - 


कई बाजारों में लगाते थे दुकान

यासीन बताते हैं कि कारोबार के शुरुआती दिनों में उनकी पत्नी और बेटा भी हाथ बंटाते थे. शालीमार बाजार, नामकुम और मोरहाबादी समेत कई जगहों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में दुकान सजाते थे. बकरी बाजार में भी पिछले 40-45 वर्षों से दुकान लगाकर सामान बेच रहे हैं. 
बांस के सामान के अलावा सीजन के दौरान मेलों में खिलौने बेचने का काम भी करते हैं. यासीन ने बताया कि बेटा का देहांत हो चुका है. घर में केवल मैं और पत्नी ही हैं. पत्नी को वृद्धा पेंशन सरकार की ओर से मिलता है. सरकार की ओर से रहने के लिए इस्लाम नगर में फ्लैट आवंटित किया गया है.


बदल गया समय, नहीं बदला काम के प्रति जज्बा

यासीन ने बताया कि अब समान खरीदने के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ता है. अब ऑर्डर पर ही समान आ जाता है. बताया कि समय के साथ कारोबार का तरीका और सामान की खरीदारी के स्रोत बदल गए हैं. अब दुमका, बोकारो और साहेबगंज से सूप, दउरा, सूपली और पंखा खरीदकर लाते हैं. 


बताया कि उम्र के इस पड़ाव पर भी ग्राहकों को सामान होलसेल दर पर ही देते हैं. इसके अलावा कई दुकानदार यहां से खरीदकर दूसरे जगह पर बेंचने के लिए समान ले जाते हैं. पहले जहां पत्नी और बेटा कारोबार में साथ देते थे, वहीं अब वे अकेले ही दुकान संभाल रहे हैं. फिलहाल परिवार में पति-पत्नी ही रह गए हैं. पांच दशक से अधिक समय से बांस के सामान का कारोबार कर रहे यासीन आज भी अपनी मेहनत के दम पर रोजी-रोटी चला रहे हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही