Ranchi: पीसी एंड पीएनडीटी (PC & PNDT) जिला सलाहकार समिति की बैठक में 8 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और 10 सेंटरों के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की. सदर अस्पताल सभागार में आयोजित बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन, नवीकरण, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग, यूएसजी मशीन खरीदने की अनुमति तथा फॉर्म-बी में प्रविष्टि समेत विभिन्न मामलों पर विचार-विमर्श किया गया. समिति ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निश्चित अंतराल पर सेंटरों की जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
समिति ने यूएसजी मशीन स्थानांतरण से जुड़े दो आवेदनों, नए चिकित्सकों को शामिल करने के लिए 17 आवेदनों, यूएसजी मशीन खरीदने के चार आवेदनों तथा फॉर्म-बी में प्रविष्टि से संबंधित पांच आवेदनों पर भी चर्चा की. आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद इन मामलों में आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. वंदिता, डॉ. मो. ताम्बा रिजवी, डीपीएम प्रवीण कुमार सिंह, समिति के सदस्य तथा पीसी एंड पीएनडीटी समन्वयक राकेश कुमार राय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment