Ranchi News : नवनियुक्त रांची सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद का शनिवार को सदर अस्पताल में स्वागत किया गया. लहू बोलेगा रक्तदान संगठन और झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल एनीमिया-हीमोफीलिया-अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ और झारखंडी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इसके बाद 9 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रांची में इन रक्त विकारों से पीड़ित मरीजों की संख्या 2100 से अधिक है और यह संख्या बढ़ रही है. मरीजों को बिना डोनर, बिना रिप्लेसमेंट और बिना चार्ज के ब्लड उपलब्ध कराने की मांग की गई.
ज्ञापन में सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों के लिए ब्लड की व्यवस्था सुनिश्चित करने, 2018 के सरकारी आदेश को सख्ती से लागू करने और सरकारी कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की मांग की गई. साथ ही जरूरी दवाएं, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, फिरेटिन टेस्ट, HPLC, MRI, CT स्कैन और X-Ray मुफ्त उपलब्ध कराने की मांग रखी गई.
इसके अलावा मरीजों के लिए 10 हजार रुपये मासिक पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, UDID कार्ड, रेलवे पास, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई.
सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने कहा कि मरीजों और रक्तदान के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों का प्रयास सराहनीय है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मांगों पर जरूरी कार्रवाई के लिए समय दिया जाए और संबंधित मामलों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

