Ranchi News: झारखंड में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 91 बच्चों की हार्ट सर्जरी हो चुकी है. इन बच्चों को इलाज के लिए कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया था. अब तक कुल 98 बच्चों को इलाज के लिए कोच्चि भेजा जा चुका है.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने शनिवार को कोच्चि के अमृता अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की. उन्होंने बच्चों के इलाज में जुटी टीम और सहयोग करने वाली संस्थाओं की सराहना की.
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य झारखंड में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित हर बच्चे तक इलाज पहुंचाना है. कोई भी बच्चा इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे बच्चों की जानकारी जुटाने की अपील भी की.
इसे भी पढ़ें -
अभिभावक पांच बच्चों को इलाज के लिए करें प्रेरित
शशि प्रकाश झा ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने क्षेत्र के सांसद, विधायक और मुखिया से संपर्क करें. साथ ही ऐसे कम से कम पांच बच्चों को इलाज के लिए प्रेरित करें, जिन्हें दिल की बीमारी है. उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों की पहचान होने पर उन्हें समय पर इलाज मिल सकेगा.
झारखंड में ही इलाज की व्यवस्था की मांग
अभियान निदेशक ने अमृता अस्पताल से झारखंड में भी इस तरह की इलाज की व्यवस्था शुरू करने का आग्रह किया. इससे आने वाले समय में राज्य के बच्चों को इलाज के लिए दूसरे राज्य नहीं जाना पड़ेगा.
उन्होंने बच्चों की पहचान, स्क्रीनिंग और इलाज की प्रक्रिया में सहयोग के लिए एनएचएम के राज्य समन्वयक मुकेश कुमार और अमृता अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार के काम की भी सराहना की.
मुफ्त सर्जरी के साथ रहने और खाने की भी व्यवस्था
अमृता अस्पताल और अमृता फाउंडेशन की ओर से बच्चों की निःशुल्क सर्जरी के साथ उनके अभिभावकों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है. शशि प्रकाश झा ने इसके लिए अस्पताल और फाउंडेशन का आभार जताया. उन्होंने रोटरी कोच्चि के सहयोग की भी सराहना की.
अभिभावकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अमृता अस्पताल की ओर से बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया. बच्चों के इलाज में डॉ. बृजेश, डॉ. कृष्ण कुमार और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहा अभियान
यह अभियान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और स्वास्थ्य विभाग की पहल पर चलाया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की देखरेख में कार्यक्रम का संचालन हो रहा है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में इसे आगे बढ़ाया जा रहा है.
रांची के हटिया स्टेशन से बच्चों को निःशुल्क हार्ट सर्जरी और इलाज के लिए कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया था. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और राज्य समन्वयक मुकेश कुमार ने कोच्चि में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

