Search

गुमला नगर परिषद चुनाव : उपाध्यक्ष पद के लिए शपथ पत्र भरवा रहा एक प्रत्याशी

Gumla/Ranchi :  गुमला नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद का चुनाव 14 मार्च को होना है. इस बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी है. खबर यह है कि एक प्रत्याशी द्वारा वार्ड पार्षदों से एक शपथ पत्र/प्रतिज्ञा पत्र भरवाया जा रहा है.  सोशल मीडिया पर वायरल शपथ पत्र में वार्ड संख्या 18 के वार्ड पार्षद के पक्ष में समर्थन देने की बात लिखा हुई है. 

 

Uploaded Image

 

उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव की नियमावली में डिप्टी मेयर या नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए पार्षदों से किसी तरह का शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करवाने का कोई प्रावधान नहीं है. 

 

शपथ पत्र में यह लिखवाया जा रहा है कि मैं (पार्षद) अपनी स्वेच्छा, पूर्ण होशोहवास एवं बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भय के रमेश कुमार (चीनी) को नगर परिषद गुमला के उपाध्यक्ष पद पर अपना समर्थन करता/करती हूं.

 

शपथ पत्र में यह भी लिखा है कि भरने वाले वार्ड पार्षद किसी भी परिस्थिति या किसी भी कारणवश समर्थन वापस नहीं लेंगे. अगर भविष्य में कोई प्रत्याशी समर्थन वापस लेने का प्रयास करता है, तो यह शपथ पत्र का उल्लंघन माना जायेगा और इसके लिए उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.

 

इसके साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि इस शपथ पत्र से उत्पन्न होने वाले किसी विवाद या कानूनी कार्यवाही के लिए गुमला जिला के समक्ष न्यायालय को ही शिकायत दर्ज करने व निर्णय लेने का अधिकार होगा. 

 

हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वायरल शपथ पत्र रमेश (चीनी) ने तैयार कराया गया है. इसको लेकर लगातार डॉट इन के संवाददाता ने रमेश (चीनी) से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. इस कारण उनका पक्ष इस खबर में शामिल नहीं किया जा सकता है. उनका पक्ष मिलने पर खबर को अपडेट किया जायेगा.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp