Search

 
 
 

व्यापारियों की सुरक्षा पर सिटी SP संग झारखंड चैंबर की अहम बैठक

शहर की विधि व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से चैंबर भवन में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी केवी रमन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के साथ बैठक आयोजित की गई.
 

Ranchi : शहर की विधि व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से चैंबर भवन में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी केवी रमन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के साथ बैठक आयोजित की गई. 

 

बैठक में हाल के दिनों में व्यापारियों को मिल रही रंगदारी और धमकी भरी कॉल्स समेत कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

 

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बनता है. उन्होंने हालिया मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए स्पष्ट संदेश देने की आवश्यकता पर बल दिया कि झारखंड में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 

उन्होंने पेट्रोलिंग बढ़ाने, नए थानों के निर्माण, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और अन्य राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाने का सुझाव दिया.

 

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस कई निर्णायक कदम उठा रही है. व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए मिल रही धमकियों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है.

 

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और भयभीत न हों. उन्होंने विशेषकर हाई रिस्क व्यापारियों को सीसीटीवी, मोशन सेंसर कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि 112 पर सूचना मिलने पर पीसीआर एक मिनट के भीतर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी.

 

पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने थाना स्तर पर व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाने की आवश्यकता जताई. पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने अवैध कब्जा गिरोह पर सख्त कार्रवाई और रांची में पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति की मांग की. रांची चैंबर अध्यक्ष संजय माहुरी ने पंडरा कृषि मंडी में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की बात कही.

 

सह सचिव रोहित पोद्दार ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो एंट्री समय में छूट देने, पीसीआर के संपर्क नंबर साझा करने और पुलिस व्यापारी समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया.

 

लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा चैंबर की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस के साथ निरंतर संवाद और सहयोग जारी रहेगा.

 

बैठक में चैंबर के कई पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने सिटी एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सदस्यों के सुझावों को संकलित कर शीघ्र ही पुलिस प्रशासन को सौंपा जाएगा. सभी प्रेस को यह समाचार प्रकाशनार्थ प्रेषित किया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही