Ranchi News: झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 27 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन हुआ. संगीत, नृत्य और लोककलाओं से सजी इस शाम में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. पूरा परिसर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के रंग में रंगा नजर आया.
सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण सुनिधि लाइव की प्रस्तुति रही. वहीं, इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम की शुरुआत और अन्य प्रस्तुतियों में भी संगीत की विविधता देखने को मिली. देवप्रिय ठाकुर (रांची) ने सितार वादन के जरिए शास्त्रीय संगीत की मधुर छटा बिखेरी. वहीं, पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह के अद्वितीय बैंड ने समूह गायन की शानदार प्रस्तुति दी.
झारखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत करते हुए किशोर नायक के कुंजबन समूह ने नागपुरी नृत्य और गायन प्रस्तुत किया. विनोद महतो एवं उनके दल ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया. वहीं, अशोक कश्यप की टीम ने पैका नृत्य प्रस्तुत कर झारखंड की वीरता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव की झलक दिखाई.
सांस्कृतिक संध्या में सितार वादन, समूह गायन, नागपुरी नृत्य-संगीत, घोड़ा नृत्य और पैका नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. आधुनिक संगीत और पारंपरिक लोककलाओं के इस संगम ने दर्शकों को झारखंड की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

