Ranchi News : झारखंड में ब्लड की उपलब्धता और रक्तदान की व्यवस्था को लेकर शनिवार को कॉमरेड महेंद्र सिंह भवन में बैठक हुई. इसमें सामाजिक संगठनों, रक्तदान आयोजकों, रक्तदाताओं और रक्त विकार से पीड़ित मरीजों के परिजनों ने हिस्सा लिया. बैठक में सरकारी ब्लड बैंक में खून की कमी और रक्त व्यवस्था की जिम्मेदारी निजी कंपनी को दिए जाने पर चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में कहा गया कि राज्य के सरकारी ब्लड बैंकों में करीब सात महीने से खून की कमी की समस्या बनी हुई है. इसके लिए सरकार की ओर से रक्तदान को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए.
बैठक में कहा गया कि सरकार के पुराने आदेशों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है. इसके अलावा झारखंड हाईकोर्ट के आदेश, चाईबासा में हुई घटना की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने और डोनर कार्ड बंद किए जाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
बैठक में 9 दिसंबर 2025 को झारखंड विधानसभा में रक्त विकार से पीड़ित मरीजों और खून की व्यवस्था को लेकर की गई घोषणा को लागू करने की मांग भी उठी. संगठन के लोगों ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को कई बार मांग पत्र दिया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
निजी कंपनी के साथ हुए MoU पर भी सवाल
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निजी कंपनी के साथ किए गए MoU को लेकर भी चर्चा हुई. सरकार की ओर से कहा गया है कि मरीजों को समय पर ब्लड उपलब्ध कराने के लिए एम.एस. साइंस कंपनी के साथ MoU किया गया है. इसके तहत चार घंटे में ब्लड उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
बैठक में शामिल लोगों ने मांग की कि सरकार MoU की पूरी जानकारी सार्वजनिक करे. साथ ही यह भी बताया जाए कि कंपनी को ब्लड सप्लाई के क्षेत्र में कितना अनुभव है और उसकी जिम्मेदारी क्या होगी.
24 सितंबर को होगी बड़ी बैठक
बैठक में तय किया गया कि इन सभी मुद्दों को लेकर 24 सितंबर को फिर बैठक होगी. इसमें झारखंड के अलग-अलग जिलों के रक्तदान शिविर आयोजक, रक्तदान संगठन, रक्तदाता, रक्त विकार से पीड़ित मरीजों के परिजन और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे.
बैठक की अध्यक्षता रक्तमित्र और राज्य नेत्री नंदिता भट्टाचार्य ने की. भाकपा माले झारखंड के राज्य सचिव मनोज भक्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
बैठक में शीतल ओहधार, नदीम खान, विजय कुमार, सुदामा खालखो, शांति सेन, ऐति तिर्की, भीम साहू, संजय टोप्पो, संजय महतो, सुरंजन बाड़ा, अंकित कुल्लू, इंजीनियर शाहनवाज अब्बास, मो बब्बर, मोजाहिद इस्लाम और अकरम राशिद समेत कई लोग मौजूद थे. बैठक का आयोजन "लहू बोलेगा" रक्तदान संगठन और रक्त विकार से जुड़े संगठनों की ओर से किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

