Ranchi News: ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड के प्रदेश प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल की अगुवाई में सोमवार को प्रेस क्लब, रांची में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक बिलॉन्गिंग-ए जर्नी ऑफ लव पर विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और अन्य प्रतिभागियों ने पुस्तक के विभिन्न अंशों का पाठ किया. साथ ही सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, संघर्ष, अनुभवों, विचारों और राजनीतिक-सामाजिक यात्रा पर चर्चा की.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए. प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, शशि भूषण राय, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला और जया जायसवाल भी मौजूद रहे. इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
इसे भी पढ़ें:
पुस्तक पाठ के दौरान सोनिया गांधी के जीवन से जुड़े भावनात्मक प्रसंगों और उनके व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया गया. प्रतिभागियों ने पुस्तक के माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया.
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, त्याग, संघर्ष और प्रेम की कहानी है. इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ देश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के कई महत्वपूर्ण पहलू भी सामने आते हैं. पुस्तक पढ़कर उनके जीवन और विचारों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है. पुस्तक के माध्यम से उनके जीवन के उन पहलुओं को जानने का अवसर मिलता है, जिनसे आम लोग सामान्यतः परिचित नहीं हैं. वहीं, लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुस्तक पाठ जैसे आयोजन समाज में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाते हैं और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर देते हैं.
पुस्तक पाठ करने वालों में डॉ. रीमा खलखो, डॉ. सिद्धार्थ, उत्कर्ष मिश्रा, प्रिया थॉमस और एलेन एंड्रयू प्रमुख रहे. कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राजू राम, प्रभात अग्रवाल, सरवर पॉल, अनिल सिंह, गौरव आनंद, राहुल रे, आसिफ जियाउल और समुद्र गुप्त सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

