Search

Deoghar News: बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान शुरू

Deoghar : देवघर जिले के सभी प्रखंडों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. जिला प्रशासन की पहल पर 1 जून से 30 जून तक पंचायत भवनों में रोस्टर के अनुसार विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. बुधवार को जिले के आठों प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में आधार नामांकन शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का आधार पंजीकरण कराने पहुंचे. प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी छोटे बच्चों का आधार कार्ड बनवाना है, ताकि उन्हें आंगनबाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के मिल सके. इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है और नामांकन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है.

 

हर बच्चे को योजनाओं से जोड़ने की पहल

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के शत-प्रतिशत बच्चों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करना है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रखंड के निर्धारित रोस्टर के अनुसार नजदीकी पंचायत भवन पहुंचकर बच्चों का आधार कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो.

 

नामांकन के लिए जरूरी हैं ये दस्तावेज

0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नए आधार नामांकन के लिए माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड और बच्चे का वैध जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रखा गया है. जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुविधा से वंचित न रह जाए.

 

इन पंचायतों में लगाए गए विशेष शिविर

3 जून को करौं प्रखंड के नागादरी, मधुपुर के पसिया, मारगोमुंडा के पिपरा, मोहनपुर के बिचगढ़ा, पालोजोरी के मटियारा, सारठ के बोचबांध, सारवां के भंडारो और सोनारायठाढ़ी प्रखंड के मगडीहा पंचायत में विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित किए गए. प्रशासन ने बताया कि जून माह के दौरान निर्धारित रोस्टर के अनुसार अन्य पंचायतों में भी इसी तरह के शिविर लगाए जाएंगे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//