Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर में मूर्ति विसर्जन देखने आ रहे 14 वर्षीय किशोर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. घटना बुधवार रात शांतिनगर के पास हुई.
बताया जाता है कि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुलकेड़ा पंचायत के मुरहातु गांव निवासी बागुन जोंको का पुत्र गोनो उर्फ सन्नी जोंको अपने सात-आठ दोस्तों के साथ पैदल चक्रधरपुर में दुर्गा पूजा विसर्जन देखने आ रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक संख्या जेएच-22 ई 8010 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
इसे भी पढ़ें -
स्थानीय लोगों की मदद से उसे चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, दुर्घटना में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और किशोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. किशोर की मौत की खबर से मुरहातु गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलने पर ग्रामीण मुंडा साधु चरण, समाजसेवी दयासागर केराई, रमेश कोड़ा, सदानंद होता और मदन बोदरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

