Giridih News: जमुआ थाना क्षेत्र के बाड़ाडीह गांव में छठ पूजा की तैयारी के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बाड़ाडीह गांव निवासी प्रदीप कुमार यादव (26) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
घटना के संबंध में मृतक के चाचा सोना यादव ने बताया कि घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान प्रदीप घर में रोशनी की व्यवस्था करने के लिए बिजली का तार जोड़ रहा था. तार जोड़ने के क्रम में अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और झटका लगने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसे भी पढ़ें:
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि घटना के समय प्रदीप की मां छठ व्रत कर रही थीं.
घर में महापर्व को लेकर उत्साह का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. बताया जाता है कि प्रदीप की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक साल की मासूम बेटी है.
युवक की असामयिक मौत से पत्नी और मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया. पति की मौत के बाद पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. छठ महापर्व के दौरान हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक व्याप्त है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

