Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

आरा की आकांक्षा सिंह ने UPSC में लहराया परचम, दूसरे प्रयास में पाई 301वीं रैंक

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में भोजपुर जिले की आकांक्षा सिंह ने 301वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है.
Advertisement
Advertisement

Aara : संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में भोजपुर जिले की आकांक्षा सिंह ने 301वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है.

 

आरा के कतिरा मोहल्ले की रहने वाली आकांक्षा सिंह की सफलता की खबर जैसे ही इलाके में पहुंची, परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी खुशी का माहौल बन गया. लोग बधाई देने के लिए उनके घर पहुंचने लगे.

 

आकांक्षा सिंह रणवीर सेना के सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं. वर्ष 2012 में ब्रह्मेश्वर मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वर्षों बाद अब उनकी पोती की इस उपलब्धि ने परिवार के पुराने जख्मों के बीच गर्व और खुशी की एक नई कहानी लिख दी है.

 

आकांक्षा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई आरा में ही की. उन्होंने डीके जैन कॉलेज से अंग्रेजी विषय में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की. लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करते हुए उन्होंने दूसरे प्रयास में ही यह सफलता हासिल कर ली.

 

आकांक्षा बताती हैं कि उन्होंने नियमित रूप से 8 से 10 घंटे तक पढ़ाई की. दिल्ली में कोचिंग के साथ उन्होंने अपनी तैयारी को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया. उनका इंटरव्यू सुमन शर्मा के बोर्ड में हुआ जो करीब 30 से 32 मिनट तक चला. इस दौरान उनसे पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोक गायक भरत सिंह भारती से जुड़ा एक सवाल भी पूछा गया.

 

आकांक्षा को भारतीय राजस्व सेवा संवर्ग मिला है. हालांकि उनकी इच्छा भारतीय विदेश सेवा में जाने की है. इसके लिए वह आगे भी बेहतर रैंक हासिल करने की कोशिश जारी रखेंगी.

 

अपनी सफलता का श्रेय आकांक्षा ने अपने माता-पिता के सहयोग और दादा से मिली प्रेरणा को दिया. उन्होंने कहा कि अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो और तैयारी लगातार जारी रहे तो यह मायने नहीं रखता कि आप किस जगह से आते हैं.

 

बेटी की सफलता पर पिता इंदुभूषण सिंह ने कहा कि उनके पिता ब्रह्मेश्वर मुखिया की इच्छा थी कि परिवार से कोई यूपीएससी पास कर अधिकारी बने. आज आकांक्षा ने यह सपना पूरा कर दिया है.

 

मां रिंकू सिंह ने बेटी की सफलता पर ईश्वर का धन्यवाद किया. उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं. बेटी ने यूपीएससी पास कर अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है जबकि बेटा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही