Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

UPSC 2025 में झारखंड के होनहारों का परचम, सुदीपा दत्ता को 41वीं रैंक, बिपुल गुप्ता 103वें स्थान पर

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद झारखंड के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है. इस परीक्षा में देशभर के 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें झारखंड के कई छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं.
Advertisement
Advertisement
  • साहिबगंज की निहारिका सिन्हा को 365वीं और धनबाद की श्रुति मोदी को 569वीं रैंक, कई जिलों में जश्न का माहौल

Ranchi : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद झारखंड के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है. इस परीक्षा में देशभर के 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें झारखंड के कई छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं.

 

इस बार झारखंड के दुमका की सुदीपा दत्ता ने 41वीं रैंक हासिल कर राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है. यह उनका तीसरा प्रयास था. सुदीपा ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी दुमका में रहकर ही की और शहर की स्टेट लाइब्रेरी में पढ़ाई कर इस मुकाम तक पहुंचीं.

 

उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता सहायक पोस्टमास्टर हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. इससे पहले सुदीपा का चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से सीडीपीओ पद पर भी हो चुका है.

 

वहीं लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड के चटकपुर गांव के बिपुल गुप्ता ने 103वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है. बिपुल पवन कुमार गुप्ता और दीपा गुप्ता के पुत्र हैं. इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने 368वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उनका चयन भारतीय वन सेवा (IFS) में हुआ था.

 

हालांकि उनका लक्ष्य IAS बनना था, जिसे उन्होंने इस बार अपनी कड़ी मेहनत से पूरा कर लिया. उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया और परिवार सहित ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की.

 

इसी तरह साहिबगंज की निहारिका सिन्हा ने भी UPSC परीक्षा में 365वीं रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है. कुलीपाड़ा निवासी निहारिका के पिता निरंजन सिन्हा पेशे से दर्जी हैं, जबकि माता शबनम कुमारी स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध पर नर्स हैं.

 

निहारिका ने 2018 में संत जेवियर स्कूल, साहिबगंज से दसवीं और 2020 में रांची के जवाहर विद्या मंदिर श्यामली से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने कोलकाता के संत जेवियर कॉलेज से राजनीति शास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की.

 

वर्ष 2024 में पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन दूसरे प्रयास में 365वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपने माता-पिता के सपनों को साकार किया.

 

धनबाद जिले से जुड़ी श्रुति मोदी ने भी UPSC में 569वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है. श्रुति के पिता सीताराम मोदी और माता सुषमा मोदी हैं. उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से बीकॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की है.

 

वर्तमान में वह बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और नौकरी के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं. उनकी सफलता पर वर्णवाल सेवा समिति बाघमारा सहित परिवार और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही