Search

 
 
 

डोरंडा कॉलेज की समस्याओं को लेकर अबुआ अधिकार मंच ने दी आंदोलन की चेतावनी

अबुआ अधिकार मंच ने डोरंडा कॉलेज, रांची में छात्रहित से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर गंभीर चिंता जताते हुए कॉलेज प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है.
 

Ranchi : अबुआ अधिकार मंच ने डोरंडा कॉलेज, रांची में छात्रहित से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर गंभीर चिंता जताते हुए कॉलेज प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है. 

 

मंच के डोरंडा कॉलेज इकाई के महासचिव दिवाकर कुमार प्रजापति ने कहा कि लंबे समय से छात्रों द्वारा उठाए जा रहे बुनियादी प्रश्नों की अनदेखी प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है.

 

उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. छात्रों की प्रमुख मांगों में कॉलेज परिसर को समतल कर स्थायी मंच (स्टेज) का निर्माण, एनसीसी इकाई की स्थापना, तथा प्रथम सेमेस्टर की मिड-सेम परीक्षा शीघ्र आयोजित कर विश्वविद्यालय को समय पर अंक प्रेषित करना शामिल है.

 

मंच की महिला नेत्री अंजना लिंडा ने कहा कि निर्माणाधीन नए भवन का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की. वहीं, अजित उरांव ने छात्रों के लिए सुव्यवस्थित कैंटीन की व्यवस्था करने पर जोर दिया.

 

आदित्य राज ने बताया कि सत्र 2024-28 के छात्रों को अब तक पहचान पत्र (आई-कार्ड) उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यों में परेशानी हो रही है. सबिता बखला ने प्रथम सेमेस्टर के सभी विभागों की मिड-सेम परीक्षा शीघ्र कराने की मांग दोहराई. कॉलेज के प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा.

 

हालांकि, अबुआ अधिकार मंच ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर छात्रहित से जुड़ी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो मंच आंदोलन के लिए बाध्य होगा. ज्ञापन सौंपने वालों में अंजना लिंडा, अजित उरांव, शैलेश एक्का, सबिता, परवीन, प्रीति बारला, आदित्य राज समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही