Ranchi News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), झारखंड प्रदेश की ओर से 3 नवंबर को रांची में विशाल जनसभा और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इसका आयोजन ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता रोको’ के आह्वान पर किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से होगी. यहां से कार्यकर्ता और समर्थक जुलूस के रूप में अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेंगे.
इस कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व संयुक्त सचिव वैभव मीणा विशेष रूप से शामिल होंगे. अभाविप का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का संदेश दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें -
परिषद के अनुसार, लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और मर्यादा का सम्मान जरूरी है. लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति और विरोध भी संवैधानिक दायरे में होना चाहिए. संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को कमजोर करने वाले प्रयासों के खिलाफ युवाओं और आम नागरिकों की जागरूक भागीदारी आवश्यक है.
अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन चलाने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक संस्थाओं, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान का आधार है. जब लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर आघात होता है, तब युवाओं का दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएं.
उन्होंने कहा कि 3 नवंबर को रांची में आयोजित जनसभा और विरोध प्रदर्शन इसी संकल्प का हिस्सा है. वैभव मीणा की मौजूदगी से कार्यक्रम में छात्र-युवाओं की भागीदारी को मजबूती मिलेगी. उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की.
अभाविप ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

