Ranchi News: रांची के रातू थाना क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया है. उसके पास से घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
मामला 31 जुलाई 2026 का है. जानकारी के अनुसार, वादी ने अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के पूछताछ के दौरान गणेश पाहन ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इस घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह नक्सली घटना और रेल डकैती जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा के खिलाफ चक्रधरपुर रेल थाना, मुरहू थाना और टेबो थाना में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें रेल डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और सीएलए एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं. आरोपी खूटी जिला का रहने वाला है जबकि वर्तमान में रांची के कोकर स्थित सारनटोली में रह रहा था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

