Search

आदित्य साहू ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- पंचायत चुनाव की आहट में गांव की सरकार याद आई

Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायत चुनाव की आहट के साथ ही उन्हें गांव की सरकार की याद आई है. उन्होंने मुख्यमंत्री के बयानों को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि चार वर्षों में सरकार ने पंचायतों के लिए ठोस काम नहीं किया.

 

साहू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के 4342 पंचायतों को मिले 2254 करोड़ रुपये की राशि का श्रेय राज्य सरकार लेने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रति पंचायत लगभग 52 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए दिए गए हैं, लेकिन राज्य सरकार इसे अपनी उपलब्धि बताकर वाहवाही बटोर रही है.

 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित मुखिया सम्मेलन में मुख्यमंत्री गांव के विकास की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जबकि जनता यह नहीं भूली है कि पिछली बार पंचायत चुनाव को लगातार टालने का काम इसी सरकार ने किया था.

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह राशि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है और इसका उपयोग गांवों के समग्र विकास, गरीबों, वंचितों और मजदूरों के हित में होना चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार पर फंड के उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) देने में विफल रहने का भी आरोप लगाया.

 

साहू ने चेतावनी दी कि पंचायतों को मिली राशि के उपयोग में पूरी पारदर्शिता बरती जाए. किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार होने पर भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव में निगरानी करेंगे और विरोध दर्ज कराएंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//