Adityapur News : अवैध बालू के कारोबार पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग लगातार वाहनों की जांच कर रही है. इसी अभियान के तहत बुधवार को आदित्यपुर इलाके में बालू लदे एक बोलेरो पिकअप को पकड़ा.
गम्हरिया में जांच के दौरान पकड़ा गया वाहन
खनन विभाग की टीम गम्हरिया में एमटीसी के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान पिकअप को रोका गया. जांच में वाहन पर बालू लदा मिला. चालक बालू से जुड़े वैध दस्तावेज अधिकारियों के सामने पेश नहीं कर सका.
इसके बाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया. जब्त बोलेरो पिकअप को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना के हवाले कर दिया गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन, बालू के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और उसके परिवहन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिला खनन पदाधिकारी ने भी बताया कि अवैध खनन के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा.

