Adityapur News : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया ब्लॉक के पास मोती नगर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए गहने, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए. घटना उस समय हुई, जब घर के सभी लोग अंदर सो रहे थे. चोरी की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है.
इसे भी पढ़ें...
बताया गया कि मोती नगर निवासी सुधा देवी के घर में रात के समय चोर घुसे. परिवार के मुताबिक, चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 15 से 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा बिस्तर के पास रखे मोबाइल फोन भी चोर अपने साथ ले गए.
परिवार के सदस्यों का कहना है कि सभी लोग घर में मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी. इसी वजह से परिवार को शक है कि चोरों ने किसी तरह की नशीली या बेहोश करने वाली चीज का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि, इसकी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.
घटना की जगह गम्हरिया ब्लॉक परिसर के ठीक पास है. आसपास काफी संख्या में घर और दुकानें हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त भी होती है. इसके बावजूद घर में चोरी होने से पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठ रहे हैं. खास बात यह है कि जिला एसपी की ओर से क्राइम कंट्रोल को लेकर बैठक किए जाने के बाद ही चोरी की यह घटना सामने आई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में एक युवक को घर के आसपास संदिग्ध तरीके से घूमते देखा गया था. शोर मचाने पर वह वहां से भाग निकला. अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर सकती है.
वार्ड पार्षद शुभम कुमार पांडे ने कहा कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं की शिकायत मिल रही है. उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है.
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आदित्यपुर थाने में शिकायत दी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

