Search

 
 
 

Dhanbad News: लखनऊ हादसे के बाद जिला प्रशासन सख्त, तीन कोचिंग सेंटरों को नोटिस

लखनऊ के एक शैक्षणिक संस्थान में हुए हादसे के बाद धनबाद जिला प्रशासन भी जिले के कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सख्त हो गया है.
 

Dhanbad: लखनऊ के एक शैक्षणिक संस्थान में हुए हादसे के बाद धनबाद जिला प्रशासन भी जिले के कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सख्त हो गया है. उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम लोकेश बारंगी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सिटी सेंटर और सरायढेला क्षेत्र स्थित कई कोचिंग संस्थानों एवं शैक्षणिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. 

इसे भी पढ़ें:

जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर तीन संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है. निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने फायर सेफ्टी व्यवस्था, भवन सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकासी मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट) तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की गहन समीक्षा की.

 

जांच में कुछ संस्थानों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन नहीं किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद संबंधित संस्थानों को कमियों को दूर करने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

 

एसडीएम लोकेश बारंगी ने बताया कि सिटी सेंटर स्थित स्टडी अड्डा 24×7, महिंद्रा इंस्टीट्यूट समेत कई शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया. जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गई हैं उन्हें सभी मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है. 

 

उन्होंने कहा कि जिले के सभी कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों का चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा. छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने  कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही