Search

 
 
 

पलामू : अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी रहे नदारद, वित्त मंत्री हुए नाराज

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क, मेदिनीनगर में अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ पलामू व अन्य संगठनों ने कार्यक्रम का आयोजन किया.
 

Palamu : भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क, मेदिनीनगर में अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ पलामू व अन्य संगठनों ने कार्यक्रम का आयोजन किया.  इस दौरान बाबा साहब व तथागत बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई.

 

इस अवसर पर झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समतामूलक समाज की संरचना की थी. लेकिन आज भी लोग उनके पदचिन्हों पर पूरी तरह नहीं चल पा रहे हैं. 

 

उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव शिक्षा और जागरूकता से ही संभव है. वित्त मंत्री ने कहा कि आज भी बड़े पैमाने पर दलित समुदाय का शोषण हो रहा है और उनकी जमीनें हड़पी जा रही हैं. उन्होंने लोगों से समय को पहचानने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की.

 

उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित जिला प्रशासन के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिला प्रशासन के पास बाबा साहब को श्रद्धांजलि देने का समय नहीं है. कम से कम 10 मिनट निकालकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए था. वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि आज वह यदि विधायक और वित्त मंत्री के पद पर हैं, तो इसका श्रेय बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को जाता है.

 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक आलोक चौरसिया व मेयर अरुणा शंकर शामिल हुए. साथ ही झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा,अविनाश देव, आसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सिंह चेरो,पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष शुभम राम और सचिव कुलदीप सिंह की भी उपस्थिति रही. इसके अलावा शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह, पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद,पेशकार संतोष राम भी उपस्थित रहे.

 

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष प्रभु राम ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया. जबकि संचालन सचिव अशोक पासवान और उपाध्यक्ष कृष्णनंदन राम ने संयुक्त रूप से किया.कार्यक्रम को सफल बनाने में ललन कुमार पासवान, गोपाल कुमार, अजय प्रकाश, कृष्णनंदन राम, अरविंद कुमार, जगदीश चौधरी, जय बहादुर पासवान, सरवन राम, संजय बैठा, दशरथ सिंह (कोषाध्यक्ष), आयुष कुमार, विनोद (मीडिया प्रभारी), मनोज कुमार (शिक्षक), राकेश कुमार (शिक्षक) और सुनील कुमार सहित अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही