- टफकॉन के मालिक के अंगरक्षक ने की हर्ष फायरिंग
- पिछले साल भी विजयादशमी पर हुई थी हवाई फायरिंग
Giridih News: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बदरिया (मिर्जागंज) स्थित दुर्गा मंडप में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के बाद कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि टफकॉन कंपनी के मालिक मोहन साव के बॉडीगार्ड ने अपने लाइसेंसी हथियार से हवाई फायरिंग की. घटना के बाद मंडप परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें:
मिली जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर दुर्गा मंडप में शस्त्र पूजन किया गया था. इसी के बाद कथित तौर पर हवाई फायरिंग की गई. गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग सहम गए. घटना की सूचना मिलने के बाद जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मिर्जागंज दुर्गा मंडप में हवाई फायरिंग की यह पहली घटना नहीं है. जानकारी के अनुसार, पिछले साल भी विजयादशमी के अवसर पर इसी मंडप परिसर में हवाई फायरिंग की घटना सामने आई थी. इसके बावजूद इस वर्ष फिर ऐसी घटना सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

