Search

SIR के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित, 58 लाख से अधिक नाम हटे

Kolkata :  विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद आज मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित कर दिया गया.

 

चुनाव आयोग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि मृत्यु, पलायन और गणना प्रपत्र जमा न करने सहित अन्य कारणों से 58 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गये हैं.  मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी राज्य की आठ मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को मुहैया कराई जायेगी.  

 

एसआईआर से पूर्व मतदाताओं की संख्या 7,66,37,529  थी. 58,20,898 नाम हटाये जाने के बाद राज्य की मसौदा मतदाता सूची में लगभग 7,08,16,631 मतदाताओं के नाम हैं. पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की वेबसाइट, निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल और ईसीआईएनईटी ऐप पर मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गयी है.

 

आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रभावित मतदाताओं के लिए सुनवाई प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू हो जायेगी. पीड़ित व्यक्ति मसौदा सूची के प्रकाशन के बाद 16 दिसंबर, 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावों और आपत्तियों को प्राप्त करने के लिए निर्धारित अवधि के दौरान घोषणा पत्र और सहायक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र-6 में अपने दावे प्रस्तुत कर सकते हैं.

 

हटाए गये नामों की सूची एक अलग पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध है. कोई भी मतदाता यह जांच कर सकता है कि उनके या परिवार के सदस्यों के नाम हटाये गये हैं या नहीं. हटे हैं तो और किस कारण से हटाये गये हैं 

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने पिछले सप्ताह आंकड़ा जारी किया था. इसमें कहा गया था कि 24 लाख से अधिक मतदाताओं को मृत चिह्नित किया गया है. 12 लाख से अधिक मतदाताओं की उनके पंजीकृत पते पर जानकारी  नहीं मिल सकी.  

 

लगभग 20 लाख मतदाता अपने पिछले निर्वाचन क्षेत्रों से स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गये हैं. 1.38 लाख मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज हुए थे.  

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp