Ranchi News : सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, बरियातू की तीन छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाया है. स्कूल की रोशनी ऐंद, बिनिमा धन और पार्वती टोपनो भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम शामिल रही.
चीन को हराकर लगातार तीसरी बार जीता एएचएफ जूनियर एशिया कप
टीम ने एएचएफ विमेंस जूनियर एशिया कप के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने आगामी जूनियर वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया.
रोशनी-बिनिमा ने दागे गोल
टूर्नामेंट में रोशनी ऐंद ने शानदार खेल दिखाया. पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने 19-0 से बड़ी जीत दर्ज की. इस मैच में रोशनी ने दो गोल दागकर टीम की जीत में योगदान दिया.
वहीं, बिनिमा धन ने मलेशिया के खिलाफ 11-1 की जीत में गोल किया. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
डिफेंडर के रूप में पार्वती का शानदार प्रदर्शन
पार्वती टोपनो ने डिफेंडर के रूप में अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. तीनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय के साथ रांची और झारखंड का नाम रोशन किया.
स्कूल परिवार ने दी बधाई
तीनों खिलाड़ियों की सफलता पर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, बरियातू में खुशी का माहौल है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और पूरे विद्यालय परिवार ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विद्यालय की हॉकी कोच करुणा पूर्ति ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि स्कूल की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और सही अवसर मिले तो बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकती है.

