Search

झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी को लगेगा पंख: गिरिडीह एयरपोर्ट विस्तार से अर्थव्यवस्था व पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

  • परियोजना के लिए 60 करोड़ रूपये जारी, भविष्य में उड़ान सेवाओं से भी जुड़ने की संभावना

Ranchi : झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में कवायद तेज हो गई है. गिरिडीह के बोड़ो स्थित हवाई अड्डे के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. बेहतर हवाई संपर्क से स्थानीय व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा. इससे न केवल कारोबार आसान होगा, बल्कि नए रोजगार के अवसर भी पैदा होने की संभावना है. राज्य सरकार के नागरीक उड्डयन विभाग ने गिरिडीह भवन प्रमंडल विभाग को इस परियोजना के लिए 60 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी है.

 

 

रनवे विस्तार से बढ़ेगी उड़ान क्षमता

फिलहाल करीब 900 मीटर के रनवे के कारण यहां सीमित उड़ान संचालन ही संभव है. प्रस्तावित विस्तार के तहत इसे बढ़ाकर लगभग 1800 मीटर किया जाएगा, जिससे बड़े विमानों के संचालन की संभावना बनेगी. परियोजना के लिए कुल 25.04 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है, जिसमें लगभग 17.94 एकड़ रैयती भूमि शामिल है. प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले छह महीनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाए.

 

सर्वे और मापी का काम जारी

भूमि अधिग्रहण के साथ-साथ क्षेत्र की मापी और सर्वे का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. अधिकारियों के अनुसार, अधिग्रहण पूरा होते ही प्रभावित रैयतों को मुआवजा दिया जाएगा और इसके बाद रनवे विस्तार समेत अन्य निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे.

 

अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद

एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यहां से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों की बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी बन सकती है. बेहतर हवाई संपर्क से स्थानीय व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिल सकता है. इससे न केवल कारोबार आसान होगा, बल्कि नए रोजगार के अवसर भी पैदा होने की संभावना है.

 

पर्यटन सेक्टर को होगा फायदा

गिरिडीह और आसपास के प्राकृतिक व धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन गतिविधियों में भी इजाफा हो सकता है. बेहतर कनेक्टिविटी से बाहरी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा. गिरिडीह में प्राकृतिक सुंदरता और गहरी धार्मिक आस्था का अनूठा मिलन देखने को मिलता है. यहां के ऊंचे पहाड़, घने जंगल और शांत जलप्रपात पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. यह क्षेत्र न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए एक स्वर्ग है, बल्कि साल भर यहां विभिन्न धर्मों के श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों का भारी जमावड़ा लगा रहता है.

 

जैन धर्मावलंबियों का सर्वोच्च तीर्थ

गिरिडीह में कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं. जैन धर्मावलंबियों के लिए 'श्री सम्मेद शिखरजी' (पारसनाथ पहाड़ी) तीर्थ, जहां 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया था. आध्यात्मिक शांति के साथ यहां हरिहर धाम का विशाल शिवलिंग और लंगटा बाबा समाधि दर्शनीय हैं. प्रकृति प्रेमियों के लिए उसरी फॉल्स और एडवेंचर के लिए मशहूर खंडोली डैम शामिल हैं. हवाई मार्ग से जुड़ने के बाद पर्यटकों को यहां तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//