Ranchi News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर योग्य मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे लोगों के मतदान के अधिकार पर खतरा पैदा हो रहा है.
इसे भी पढ़ें...
प्रदर्शन के दौरान आइसा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर योग्य नागरिक को मतदान का अधिकार है और किसी भी मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के जरिए सही मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जबकि कुछ लोगों के नाम गलत तरीके से जोड़े जाने की आशंका भी है.
आइसा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एसआईआर के खिलाफ हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छात्र-युवाओं के विरोध को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश बताया.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है. उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने, योग्य मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की. साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई.
आइसा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है. उन्होंने चेतावनी दी कि मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर उनका विरोध जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

