Search

 
 
 

एयर एंबुलेंस हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग, आजसू नेता ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

आजसू पार्टी के रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. पार्थ पारितोष के नेतृत्व में एक चिकित्सक प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा.
 

Ranchi : आजसू पार्टी के रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. पार्थ पारितोष के नेतृत्व में एक चिकित्सक प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में 23 फरवरी 2026 को चतरा में हुई एयर एंबुलेंस दुर्घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.

 

ज्ञापन में कहा गया है कि यह दुर्घटना बेहद दुखद और गंभीर है, जिसमें कई लोगों की असामयिक मौत हुई. इस हादसे में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. विकास गुप्ता (MBBS) का भी निधन हो गया, जिससे चिकित्सा समुदाय सहित पूरे राज्य में शोक की लहर है.

 

डॉ. पार्थ पारितोष ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी सामने आई है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) उपलब्ध नहीं था. यदि यह तथ्य सही है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है कि बिना ब्लैक बॉक्स के विमान को सेवा की अनुमति कैसे दी गई.

 

इसके अलावा यह भी बताया गया कि मौसम विभाग द्वारा पहले से ही आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई थी, इसके बावजूद विमान को टेकऑफ की अनुमति दी गई. ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराना आवश्यक है.

 

ज्ञापन में राज्यपाल से निम्नलिखित मांगें की गई हैं –

 

1. एयर एंबुलेंस दुर्घटना की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए.


2. विमान में ब्लैक बॉक्स की अनुपस्थिति के मामले की स्पष्ट जांच हो.


3. मौसम चेतावनी के बावजूद टेकऑफ की अनुमति दिए जाने के कारणों की जांच की जाए.


4. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.


5. सभी मृतकों के परिजनों को शीघ्र और उचित मुआवजा दिया जाए.


6. दिवंगत डॉ. विकास गुप्ता के 6 वर्षीय पुत्र की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित की जाए.

 

डॉ. पार्थ पारितोष ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस गंभीर मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने में मदद करेंगे.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही