Search

 
 
 

रांची के कोकर में आदिवासी महिला के साथ अमानवीय घटना पर आजसू पार्टी का विरोध

रांची के कोकर स्थित भाभा नगर में एक आदिवासी महिला के साथ हुई शर्मनाक घटना को लेकर आजसू पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है. पार्टी ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हैं. झारखंड की धरती पर रहने वाले हर व्यक्ति को स्थानीय महिलाओं, लोगों, संस्कृति, गरिमा और कानून का सम्मान करना चाहिए.
 

Ranchi : रांची के कोकर स्थित भाभा नगर में एक आदिवासी महिला के साथ हुई शर्मनाक घटना को लेकर आजसू पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है. पार्टी ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हैं. झारखंड की धरती पर रहने वाले हर व्यक्ति को स्थानीय महिलाओं, लोगों, संस्कृति, गरिमा और कानून का सम्मान करना चाहिए.

 

गौरतलब है कि कोकर इलाके में एक आदिवासी महिला को कथित रूप से कालिख पोतकर, जूते-चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से घुमाया गया था.

 

आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने भाभा नगर रोड नंबर-5 में हुई इस घटना पर गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे झारखंड की इंसानियत को शर्मसार करने वाली है. उन्होंने कहा कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति को यहां की मिट्टी और लोगों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए, लेकिन रांची में जो हुआ वह बेहद दुखद और चिंताजनक है.

 

संजय मेहता ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में एक झूठे चोरी के आरोप में महिला को चार दिनों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया. उसके चेहरे पर कालिख पोती गई, जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई, ‘चोर’ लिखे पोस्टर लगाए गए और सरेआम घुमाया गया. साथ ही इलाके के लोगों को डराया-धमकाया गया ताकि कोई विरोध न कर सके. उन्होंने इस घटना को घृणित और चौंकाने वाला बताया.

 

उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं के विरोध के बाद ही पुलिस सक्रिय हुई. किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. पुलिस को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई करनी चाहिए और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए.

 

पार्टी ने स्पष्ट किया कि दोषी चाहे किसी भी समुदाय का हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए. झारखंड में आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों, गरिमा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना हम सभी का सामाजिक और राजनीतिक दायित्व है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही