Dhanbad News: धनबाद के मेमको मोड़ स्थित होटल द रीट में गुरुवार को आजसू पार्टी की जिला पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि माफिया तत्वों के खिलाफ आजसू पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा. गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में सुदेश महतो ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान का विस्तार करने और युवा संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया. साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने धनबाद जिले के सभी प्रखंडों में जल्द से जल्द प्रखंड सम्मेलन आयोजित करने का निर्देश दिया. संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उस पर काम करने को भी कहा.
इस दौरान लोयाबाद प्रकरण में आंदोलन के बाद जेल गईं आजसू नेत्री रजनी रवानी और उनके अन्य साथियों का सुदेश महतो ने अंगवस्त्र देकर सम्मान किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की माटी और खनिज संपदा के संरक्षण के लिए भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. ऐसे कार्यकर्ताओं से सीख लेकर राज्य और यहां की संपदाओं पर जनता के हक की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा.
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, काशीनाथ सिंह और राधेश्याम गोस्वामी, केंद्रीय सचिव प्रमोद चौरसिया और विनय सिंह, धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हालधर महतो, महिला नेत्री रजनी रवानी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
आजसू पार्टी ने संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता के हक-अधिकारों की रक्षा के लिए अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

