Lagatar desk : अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म महाकाली सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म 8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी. रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है, जिसमें अक्षय खन्ना और महाकाली का दमदार अवतार देखने को मिल रहा है.
खास बात यह है कि फिल्म में अक्षय खन्ना शुक्राचार्य के किरदार में नजर आएंगे. हाल ही में मेकर्स ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म की पहली झलक शेयर की. फर्स्ट लुक में महाकाली रौद्र रूप में दिखाई दे रही हैं, वहीं शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना का खौफनाक और रहस्यमयी अवतार भी देखने को मिला. उनके लुक और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खीचा है.
फाइल फोटो
धर्म और अधर्म के बीच होगा महायुद्ध
महाकाली की पहली झलक धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक बड़े महायुद्ध की ओर इशारा करती है. यह संघर्ष सिर्फ अच्छाई और बुराई की लड़ाई तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि पूरी दुनिया के भविष्य को प्रभावित करने वाला बताया गया है.
असुरों के शक्तिशाली गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह संघर्ष एक बड़े युद्ध का रूप लेता नजर आ रहा है. फिल्म के फर्स्ट लुक में युद्ध के दमदार दृश्य, रहस्यमयी माहौल और भयावह परिस्थितियां देखने को मिलती हैं.
श्रिया रेड्डी की भी दमदार मौजूदगी
फिल्म में श्रिया रेड्डी की मौजूदगी भी कहानी में नया रहस्य और रोमांच जोड़ती नजर आ रही है. फर्स्ट लुक में फिल्म की भव्य दुनिया और शानदार विजुअल्स की झलक देखने को मिली है.

