Ranchi News: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं. 7 अक्टूबर को कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में भारी बारिश हो सकती है. इनके आसपास के धनबाद और बोकारो में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
पिछले 24 घंटे में भी झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई. रांची के कांके में ओलावृष्टि भी हुई. धनबाद के तोपचांची में सबसे ज्यादा 113.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. नवाडीह में 108 मिमी और बाघमारा में 103 मिमी बारिश हुई.
इसे भी पढ़ें -
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में बारिश की वजह दक्षिण झारखंड और आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण है. इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में बनी टर्फ रेखाओं का भी मौसम पर असर पड़ रहा है.
9 और 10 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड में बारिश की संभावना ज्यादा है. वहीं उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
11 अक्टूबर से झारखंड में मौसम साफ होने लगेगा. 11 से 13 अक्टूबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
रांची में 7 से 9 अक्टूबर तक बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. 10 अक्टूबर को भी बादल छाए रहने के साथ गरज वाले बादल बन सकते हैं. 11 अक्टूबर से रांची में भी मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

