Search

 
 
 

सब रेडिसन में मगर एक बीमार और क्षेत्र में, राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा की बढ़ी चिंता

Ranchi: राज्यसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले झारखंड की राजनीति का एक दिलचस्प दृश्य सामने आया है. एक तरफ भाजपा और एनडीए के लगभग सभी विधायक रांची के रेडिसन ब्लू होटल में जुट रहे हैं, तो दूसरी तरफ लातेहार से भाजपा विधायक प्रकाश राम अस्पताल के बेड पर हैं. ऐसे समय में जब हर वोट की कीमत बढ़ गई है, प्रकाश राम की तबीयत ने भाजपा खेमे की चिंता बढ़ा दी है.
 

Ranchi: राज्यसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले झारखंड की राजनीति का एक दिलचस्प दृश्य सामने आया है. एक तरफ भाजपा और एनडीए के लगभग सभी विधायक रांची के रेडिसन ब्लू होटल में जुट रहे हैं, तो दूसरी तरफ लातेहार से भाजपा विधायक प्रकाश राम बीमार हो गए हैं. हालांकि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह घर वापस लौट गए हैं. लेकिन रांची स्थित आवास के बदले वह लातेहार चले गये हैं. ऐसे समय में जब हर वोट की कीमत बढ़ गई है, प्रकाश राम की तबीयत ने भाजपा खेमे की चिंता बढ़ा दी है.

 

प्रकाश राम की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे संपर्क कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. भाजपा को उम्मीद है कि मतदान से पहले वह रांची आ जायेंगे. और वे विधानसभा पहुंचकर अपना वोट डाल सकेंगे.

 

प्रकाश राम की बीमारी ऐसे वक्त सामने आई है, जब राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है. एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के लिए मुकाबला पूरी तरह औपचारिक नहीं माना जा रहा है. चुनावी गणित को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं और इसी कारण सभी दल अपने-अपने विधायकों को संभालने में जुटे हैं.

 

यही वजह है कि एनडीए ने अपने विधायकों को एक साथ रखने का फैसला किया है. भाजपा और उसके सहयोगी दलों के विधायकों को रेडिसन ब्लू में ठहराया जा रहा है. मकसद साफ है, मतदान तक सभी विधायक एकजुट रहें और किसी तरह की राजनीतिक हलचल या संपर्क अभियान का असर उन पर न पड़े.

 

लेकिन इस पूरी तस्वीर में प्रकाश राम अलग नजर आ रहे हैं. जहां बाकी विधायक होटल में चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं, वहीं प्रकाश राम लातेहार में हैं. यही कारण है कि उनकी सेहत को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चा हो रही है.

 

प्रकाश राम का राजनीतिक सफर भी कम दिलचस्प नहीं रहा है. वे सबसे पहले बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो के टिकट पर विधायक बने थे. बाद में भाजपा में शामिल हुए और 2024 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मंत्री बैद्यनाथ राम को हराकर एक बार फिर विधानसभा पहुंचे.

 

फिलहाल एनडीए खेमे की नजर प्रकाश राम की सेहत पर टिकी हुई है. यदि वे मतदान के दिन विधानसभा पहुंचते हैं तो यह भाजपा के लिए राहत की खबर होगी. लेकिन यदि स्वास्थ्य कारणों से वे मतदान से दूर रहते हैं, तो राज्यसभा चुनाव के पहले से दिलचस्प बने समीकरणों पर इसका असर पड़ सकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही