Bokaro News: बोकारो के कसमार थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय भारती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. उनका दावा है कि घटना के समय कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही उनके साथ मारपीट की गई. मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने बोकारो एसपी से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
इसे भी पढ़ें:
अजय भारती के अनुसार, वह अपने ससुराल आए हुए थे. इसी दौरान सुमित वर्धन उर्फ हनी ने फोन कर उन्हें बुलाया. पहले से धमकी मिलने के कारण उन्हें हमले की आशंका थी. उन्होंने इसकी सूचना थाना प्रभारी को फोन पर दी. संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर एसपी को जानकारी दी गई. इसके बाद थाना प्रभारी सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचे और अजय को घर से बाहर बुलाया. अजय का आरोप है कि जैसे ही वह गेट खोलकर बाहर निकले, 8-10 लोगों ने उन पर हमला कर दिया. मारपीट में उनके माथे पर चोट लगी.
अजय ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में उनकी ओर से बताई गई सभी बातें शामिल नहीं की गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्य आरोपी समेत कुछ लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि एक आरोपी को जेल भेजा गया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
वहीं, भाजपा नेताओं ने एसपी से मुख्य आरोपी सुमित वर्धन उर्फ हनी और उसके साथियों को गिरफ्तार करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, एसपी ने बेरमो एसडीपीओ को मामले में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया है. नेताओं का दावा है कि फिलहाल एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का आधिकारिक पक्ष और मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

