- रिम्स परिसर में जुटे परिजन
Ranchi News : रिम्स में प्रसव के बाद नवजात बच्चे को परिजनों को नहीं दिखाने का मामला सामने आया है. डॉक्टरों की ओर से बच्चे को मृत पैदा होने की बात कहे जाने के बाद परिजनों ने सवाल खड़े किए हैं.
इसे भी पढ़ें...
परिजनों का आरोप है कि उन्हें न तो बच्चे का शव दिखाया गया और न ही कोई जानकारी दी गई. मामले को लेकर महिला के परिजन रिम्स परिसर में एकत्रित हुए और अस्पताल प्रबंधन पर बच्चे को गायब करने का आरोप लगाया.
जानकारी के अनुसार, सोमवार को हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र के निवासी रविंद्र कुमार अपनी गर्भवती पत्नी अनीता कुमारी को प्रसव के लिए रांची के सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेहतर प्रसव सुविधा के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया. उसके बाद रविंद्र अपनी पत्नी को लेकर रिम्स पहुंचे.
परिजनों के मुताबिक, रिम्स में डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराने की बात कही थी. हालांकि, उनका आरोप है कि बाद में महिला का सामान्य प्रसव कराया गया.
प्रसव के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ है. जब परिजनों ने नवजात का शव मांगा तो उन्हें बच्चे को देखने तक नहीं दिया गया. परिजनों का सवाल है कि अगर बच्चा मृत पैदा हुआ था तो उसका शव परिजनों को क्यों नहीं दिखाया गया?
परिजनों ने बताया कि सदर अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति ठीक बताई थी. इससे पहले भी कराए गए अल्ट्रासाउंड में बच्चे को हेल्दी बताया गया था. ऐसे में अचानक बच्चे के मृत पैदा होने की जानकारी मिलने और उसका शव नहीं दिखाए जाने से परिवार की चिंता बढ़ गई है. इस मामले के सामने आने के बाद महिला के परिजन रिम्स परिसर में जुट गए.
वहीं, मामले को लेकर रिम्स के सुपरिंटेंडेंट ने बातचीत के दौरान बताया कि फिलहाल ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है. उन्होंने कहा कि यदि इस तरह का मामला सामने आता है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

