Ranchi: झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस शिकायत दी गई है. समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाना में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि सांसद निशिकांत दुबे समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ झूठी और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है.
शिकायत में कहा गया है कि 4 जुलाई 2026 से फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (X) पर अखिलेश यादव को लेकर कई पोस्ट और वीडियो डाले जा रहे हैं. इनमें लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि इन पोस्टों का मकसद अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की छवि खराब करना है.
आवेदन में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के अलावा प्रियांक राय, टी.आर. मानवीय, अखिलेश सिंह, बोलता भारत टीवी और ओरिजिन भारतीय समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स का भी नाम लिया गया है. आरोप है कि कुछ अकाउंट फर्जी पहचान से चलाए जा रहे हैं और इनके जरिए लगातार भ्रामक सामग्री फैलाई जा रही है.
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स से संबंधित अकाउंट्स की आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल, ई-मेल और मोबाइल नंबर की जानकारी लेकर उनकी पहचान की जाए और भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए.
शिकायत के साथ सोशल मीडिया पोस्ट और स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं. फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है. मामले में एफआईआर दर्ज होगी या नहीं, इसपर फैसला जांच के बाद लिया जाएगा.
यह मामला सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद सामने आया है, जिसे समाजवादी पार्टी ने फेक और मानहानिकारक बताया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment