Ranchi : चतरा के सिमरिया में हुए चार्टर एयर एंबुलेंस क्रैश की तकनीकी जांच के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम पहुंचेगी. टीम ब्लैक बॉक्स बरामद करने की कोशिश करेगी, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके. चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने यह बात कही है.
घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने चतरा सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की. मीडिया से बात करते उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है. विशेषज्ञों की टीम आ रही है, जो पूरे मामले की जांच करेगी. जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
हादसे पर सत्यानंद भोक्ता और संजय सेठ ने दुख जताया
वहीं झारखंड के पूर्व श्रम मंत्री और राजद नेता सत्यानंद भोक्ता ने भी घटना को दुखद जताया है. उन्होंने सरकार से सभी मृतकों के परिजनों को सामान मुआवजा देने की मांग की है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि एयर एंबुलेंस क्रैश होने से सात लोगों की मौत हो गई है, यह काफी दुखद है. प्लेन कैसे क्रैश हुआ, यह जांच का विषय है.
स्वास्थ्य व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
मृतकों में शामिल डॉ. विकास कुमार गुप्ता के पिता ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि मेरा बड़ा बेटा रांची के सदर अस्पताल में कार्यरत था. अगर यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो इलाज के लिए दिल्ली क्यों जाना पड़ता?
देवकमल के फाउंडर ने घटना को दुर्भाग्यवश बताया
देवकमल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के फाउंडर और सीईओ डॉ. अनंत सिन्हा ने इस संबंध में बताया कि मरीज संजय कुमार (41 वर्ष) को 16 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वह लगभग 63 प्रतिशत तक झुलस गए थे और आईसीयू में भर्ती थे.
परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें विदेश ले जाने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई. डॉ. सिन्हा ने कहा कि बदकिस्मती से हमें खबर मिली कि एयर एम्बुलेंस क्रैश हो गई. डॉ. विकास गुप्ता हमारे करीबी थे, दुर्भाग्यवश उनकी भी इस हादसे में मौत हो गई.
बीती रात रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
गौरतलब है कि बीती रात रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा के सिमरिया क्षेत्र में क्रैश हो गई थी. इस हादसे में दो क्रू मेंबर समेत सात लोगों की मौत हो गई. यह रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट VT-AJV था.
एयरक्राफ्ट ने 7 बजकर 11 मिनट में रांची से उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ देर बाद एटीसी से उसका संपर्क टूट गया. इसके बाद चतरा पुलिस को सूचना मिली कि सिमरिया में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया है. फिलहाल विशेषज्ञ टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment