Search

 
 
 

जमशेदपुर में 11.88 एकड़ भूमि पर बनेगा IDTR, ड्राइवर को मिलेगा मॉडर्न प्रशिक्षण

झारखंड सरकार ने सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और कुशल ड्राइवरों के विकास के उद्देश्य से जमशेदपुर में टियर-I इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना को मंजूरी दे दी है. यह संस्थान 11.88 एकड़ भूमि पर मौजा मनपिठा (थाना संख्या-1202) में स्थापित किया जाएगा.
 

Ranchi/Jamshedpur: झारखंड सरकार ने सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और कुशल ड्राइवरों के विकास के उद्देश्य से जमशेदपुर में टियर-I इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना को मंजूरी दे दी है. यह संस्थान 11.88 एकड़ भूमि पर मौजा मनपिठा (थाना संख्या-1202) में स्थापित किया जाएगा. इस महत्वपूर्ण निर्णय को 12 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिली है.

 
यह संस्थान केंद्र व राज्य सरकार और टाटा मोटर्स के सहभागिता मॉडल पर संचालित होगा. जिसमें टाटा मोटर्स वित्तीय सहयोग के साथ-साथ संचालन की जिम्मेदारी भी निभाएगा.

 

22.03 करोड़ की परियोजना

संस्थान की स्थापना के लिए 22.03 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी दी गई है. इसमें केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 17 करोड़ रुपये (करीब 77%) की अनुदान सहायता दी जाएगी. टाटा मोटर्स CSR और तकनीकी सहयोग के तहत 1.82 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जबकि राज्य सरकार 3.21 करोड़ रुपये का योगदान देगी.

 

आधुनिक प्रशिक्षण से बढ़ेगी सड़क सुरक्षा

IDTR का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित, कुशल और जिम्मेदार वाहन चालकों का निर्माण करना है. यहां आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक तरीकों से प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे ड्राइविंग कौशल में सुधार होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है. साथ ही पारदर्शी परीक्षण व्यवस्था के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को ही ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया जा सकेगा.

 

युवाओं को मिलेगा रोजगार व तकनीकी कौशल

संस्थान के संचालन से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. ड्राइविंग के साथ-साथ ऑटोमोबाइल और परिवहन क्षेत्र से जुड़े तकनीकी प्रशिक्षण देकर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाई जाएगी. बस, ट्रक और अन्य वाणिज्यिक वाहन चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा.

 

जागरूकता और अनुशासन पर जोर

संस्थान समय-समय पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. प्रशिक्षित और अनुशासित चालकों के माध्यम से राज्य की परिवहन व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुगम और प्रभावी बन सकेगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही