Ranchi: परिसीमन बिल को लेकर महासभा ने INDIA गठबंधन और गैर-भाजपा दलों के नेताओं को खुला पत्र लिखा है. महासभा ने अपील की है कि झारखंड की जनता की शर्तें पूरी किए बिना किसी भी हालत में परिसीमन बिल पारित नहीं किया जाए. 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र में केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन बिल लाए जाने की चर्चा के बीच महासभा ने इसके मौजूदा स्वरूप पर गंभीर आपत्ति जताई है.
महासभा का कहना है कि प्रस्तावित परिसीमन से आदिवासियों, दलितों, मुसलमानों और झारखंड जैसे राज्यों की राजनीतिक आवाज कमजोर हो सकती है. असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया है कि सीटों की सीमाओं में बदलाव का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें -
पत्र में परिसीमन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए गए हैं. महासभा ने चुनाव आयोग को निष्पक्ष बनाने, 2023 के चुनाव आयुक्त चयन कानून को रद्द करने और आदिवासी प्रतिनिधित्व से जुड़े ऐतिहासिक अन्याय को दूर करने की मांग की है.
महासभा के अनुसार, प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि के बावजूद आदिवासी और दलित समुदायों का प्रतिनिधित्व पर्याप्त नहीं होगा. सीटों की संख्या बढ़ाने से आरक्षित और गैर-आरक्षित सीटों के बीच अंतर भी बढ़ने की आशंका जताई गई है.
महासभा ने मांग की है कि परिसीमन से पहले सभी संबंधित मुद्दों पर जनता के साथ चर्चा हो और उनका समाधान निकाला जाए. साथ ही महिला आरक्षण को परिसीमन का इंतजार कराए बिना मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर तत्काल लागू किया जाए. महासभा ने विपक्षी दलों से एकजुट होकर परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

