- दुमका पुलिस से भरोसा उठा तो ग्रामीणों ने काटा बालू ढुलाई का रास्ता
- एसपी के बयान और तस्वीरों में विरोधाभास
- एसपी बोले- बंदोबस्त घाटों से हो रहा खनन, लेकिन तस्वीरें कुछ और बयां कर रहीं
- टास्क फोर्स की बैठक के बाद भी अवैध कारोबार जारी
Dumka : जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन रोकने में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. मयूराक्षी नदी से बालू का उठाव कर अवैध रूप से पश्चिम बंगाल भेजे की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज दिगुली (दुगली) के ग्रामीणों ने खुद नदी से मुख्य सड़क तक आने वाले रास्ते को काटकर बंद कर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस जब तक अवैध बालू कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक रास्ते की मरम्मत नहीं होने देंगे.

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार
इसे भी पढ़ें
एसपी के बयान और तस्वीरों में विरोधाभास
इस मामले में दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि इलाके में दो-तीन बालू घाटों की बंदोबस्ती हुई है और उन्हीं से खनन किया जा रहा है. हालांकि, जिस स्थान से बालू उठाव की तस्वीरें सामने आई हैं, वह बंदोबस्त घाट नहीं है. एसपी ने पूरे मामले की जांच करने की बात कही है. ऐसे में सवाल है कि यदि खनन वैध है तो ग्रामीणों को रास्ता काटने की जरूरत क्यों पड़ी?

नदी से मुख्य सड़क तक आने वाले रास्ते को काटकर बंद किया
इसे भी पढ़ें
टास्क फोर्स की बैठक के बाद भी अवैध खनन जारी
27 नवंबर को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक के कुछ घंटे बाद ही रात के अंधेरे में मयूराक्षी नदी से बालू निकालकर वाहनों में लोड किए जाने की तस्वीरें सामने आईं. दुमका के दिगुली, हाटजोड़िया, बनियाग्राम, सिलाजोड़ी, नौरोगी, श्यामसुंदर और डुमरा के सात बालू घाटों से अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही हैं.
आरोप है कि प्रतिदिन 70 से 80 डंपर बालू पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे हैं. इसके अलावा 30 से 40 ट्रक कोयला भी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और बीरभूम पहुंचाया जा रहा है. यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है, तो इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है.
जेसीबी से रास्ता काटते ग्रामीण
इसे भी पढ़ें
चेकपोस्ट के बावजूद बालू के अवैध परिवहन पर सवाल
दुगली और रानेश्वर क्षेत्र में पुलिस चेकपोस्ट मौजूद होने के बावजूद भारी वाहनों से बालू और कोयले के परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है. वहीं दूसरी ओर, खनन विभाग के पास पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने से संयुक्त छापेमारी प्रभावित होने की बात कही जा रही है.
राज्य सरकार एक ओर राजस्व बढ़ाने की कोशिश कर रही है, तो वहीं दुमका में अवैध खनन का यह खेल प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. अब देखना यह है कि पुलिस और खनन विभाग कब संयुक्त कार्रवाई करते हैं और राजस्व नुकसान की जवाबदेही किस पर तय होती है.
इसे भी पढ़ें








