Search

 
 
 

Dumka : रानेश्वर में बालू-कोयले की लूट, प्रशासन बेखबर; थाने और चेकपोस्ट के सामने से गुजरते हैं ट्रक

Dumka News : सात घाटों से रोजाना 150 से अधिक हाइवा से बालू परिवहन का आरोप, सीओ बोलीं- एसआईआर के कारण चेकपोस्ट फंक्शनल नहीं, मैं छुट्टी पर हूं, थाना प्रभारी ने कहा डंप हो रहा है आप परेशन क्यो होते है. माइनिग वाले आ रहे है.
 
बालू डंप
  • खान विभाग के निर्देश के बाद भी नही चालू किया गया चेकपोस्ट, मंडल बंधु का चल रहा सिंडिकेट

Dumka News : रानेश्वर में बालू और कोयले का अवैध कारोबार बेखौफ जारी रहने का आरोप है. मयूराक्षी नदी से दिन के उजाले में बालू का उत्खनन हो रहा है. सात बालू घाटों से प्रतिदिन 150 से अधिक 16 चक्का हाइवा बालू लेकर झारखंड की सीमा पार कर रहे हैं. वहीं, इसी रास्ते से रोजाना 30 से 40 ट्रक अवैध कोयला पश्चिम बंगाल भेजे जाने की शिकायत है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

हैरानी यह है कि बालू और कोयले से लदे वाहन रानेश्वर थाना और चेकपोस्ट के आसपास से गुजरते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर प्रभावी रोक नजर नहीं आती. ऐसे में पुलिस, अंचल प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, पूरा सिंडिकेट मंडल बंधुओं द्वारा चलाया जा रहा है. कई स्थानों पर मंडल बंधुओं को यह भी कहते सुना गया कि जिले की पुलिस खुछ नहीं करेगी. 

Uploaded Image

 अंचल कार्यलाय में अवैध खनन को लेकर शिकायत

 

प्रखंड के दिगुली, हाटजोड़िया, बनियाग्राम, सिलाजोड़ी, नौरोगी, श्यामसुंदर और डुमरा स्थित सात बालू घाटों से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायत है. आरोप है कि प्रतिदिन 70 से 80 डंपर बालू पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे हैं. इसके अलावा 30 से 40 ट्रक कोयला भी इसी रास्ते से मुर्शिदाबाद और बीरभूम पहुंचाया जा रहा है. थाना से महज कुछ कदम की दूरी से भारी वाहनों के गुजरने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है.

 

एसआईआर के कारण चेकपोस्ट फंक्शनल नहीं : सीओ

अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चेकपोस्ट की जिम्मेदारी रानेश्वर की अंचल अधिकारी सदा नुसरत के पास है. चेकपोस्ट से बालू और कोयले के वाहनों के गुजरने तथा मयूराक्षी नदी में अवैध उत्खनन के संबंध में जब उनसे सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि एसआईआर के कारण चेकपोस्ट फंक्शनल नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलहाल छुट्टी पर हैं और इस संबंध में खनन पदाधिकारी से बात की जाए. सीओ के इस जवाब से चेकपोस्ट की निगरानी व्यवस्था और अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

 

थाना प्रभारी के जवाब ने भी खड़े किए सवाल

मयूराक्षी नदी से बालू निकालकर दिन में ही दिगुली चेकपोस्ट के पास डंप किए जाने और थाना क्षेत्र से अवैध वाहनों के गुजरने के संबंध में जब रानेश्वर थाना प्रभारी त्रिपुरारी भगत से सवाल किया गया, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, "अभी माइनिंग की टीम आ रही है, आपको क्या फर्क पड़ता है." थाना प्रभारी का यह कथित जवाब पुलिस की कार्रवाई और अवैध कारोबार पर निगरानी की हकीकत खुद ब खुद समाने ला रहा है.

 

कागजों में टास्क फोर्स, जमीन पर अबैध कारोबार जारी

दुमका उपायुक्त की ओर से अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स का गठन किया गया है. खान निदेशालय ने भी अवैध खनिजों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया था.

 

इसके बावजूद रानेश्वर में बालू और कोयले के अवैध परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. दिन के उजाले में भारी वाहनों से परिवहन के आरोपों के बीच टास्क फोर्स की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं.

 

जिला के युवा नेता सह समाजसेवी निखिल मुर्मू ने कहा कि अवैध खनन को लेकर अंचल से लेकर जिला में भी शिकायत की गयी है. लेकिन कार्रवाई नहीं किया जाता है. इस अवैध खनन से मयूराक्षी नदी के प्राकृतिक स्वरूप, जलस्तर और पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है. दूसरी ओर, झारखंड के खनिज संसाधनों की अवैध निकासी से सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है.

 

निखिल मुर्मू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी सातों बालू घाटों की तत्काल जांच कराई जाए तथा अवैध उत्खनन और अंतरराज्यीय परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए. साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल कारोबारियों, वाहन मालिकों एवं संबंधित लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही