- सीसीटीवी लगाने पहुंची कंपनी की टीम को खदेड़ा,
- 15 से अधिक लोगों पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला करने का आरोप
Dumka News: दुमका जिला में अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की कोशिश का विरोध हिंसक हो गया. रानेश्वर अंचल के बेनियाग्राम बालू घाट पर सीसीटीवी कैमरा लगाने पहुंची एलओआई धारक कंपनी मेसर्स अस्बोलस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की टीम पर हमला करने का आरोप लगा है. कंपनी की शिकायत के अनुसार, असीम मंडल के इशारे पर 15 से अधिक लोगों ने टीम को घेर लिया. लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर वाहन का अगला शीशा तोड़ दिया. कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से खदेड़ दिया गया.
इस मामले में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि सदानंद सिंह ने 14 नवंबर 2026 को रानेश्वर थाने में लिखित शिकायत दी थी. उन्होंने असीम मंडल समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने और कंपनी की टीम को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की थी. हालांकि आवेदन देने के चार दिन बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी. इस संबंध में रानेश्वर थाना प्रभारी त्रिपुरारी भगत से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है. मामले की जांच की जा रही है.

खनन विभाग से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. वहीं पूरे मामले में जब असीम मंडल से उनका पक्ष जनने के लिए फोन किया गया, उन्होंने FIR दर्ज होने के मामले में अनभिज्ञता प्रकट किया. उन्होंने कहा कि पिछले तीन माह से हम रानेश्वर नहीं गये हैं. इस मामले से मेरा कोई लेने देना नहीं है. हम पर लगे आरोप झूठा है.
असीम मंडल के इशारे पर घेराबंदी और हमले का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि कंपनी की टीम कंटेनर और सीसीटीवी उपकरण लेकर बेनियाग्राम घाट पहुंची थी. इसी दौरान असीम मंडल के इशारे पर प्रदीप घोष, राजू खान, रिंकू खान, अमजद खान, सपन गोराईं और 10-15 अन्य लोगों ने वाहन को घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने धमकी दी कि यहां सीसीटीवी नहीं लगेगा और बालू का उठाव वे ही करेंगे. इसके बाद वाहन पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया गया. घटना में वाहन का विंडशील्ड चकनाचूर हो गया.
इसे भी पढ़ें -
15 बालू घाटों का मिला है एलओआई
कोलकाता की कंपनी मेसर्स अस्बोलस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड को जिला खनन कार्यालय, दुमका की ओर से पत्रांक 1235M के तहत ग्रुप-A में 15 बालू घाटों का एलओआई आवंटित किया गया है. इनका कुल क्षेत्रफल 72.89 हेक्टेयर है. इसमें बेनियाग्राम घाट का क्षेत्रफल 10.71 हेक्टेयर है. कंपनी के अनुसार, खनन पट्टा विलेख निष्पादित नहीं होने के कारण अभी खनन शुरू नहीं किया गया है. हालांकि विभागीय निर्देश के तहत घाट पर सीसीटीवी कैमरा, वेइब्रिज और डिस्प्ले बोर्ड लगाने की तैयारी थी.
तीन घाटों पर अवैध बालू खनन का आरोप
कंपनी ने अपनी शिकायत में बेनियाग्राम, सिलाजोरी और हरजोरा घाट पर अवैध बालू खनन और तस्करी का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, बेनियाग्राम में राजू खान, रिंकू खान और अमजद खान, सिलाजोरी में प्रदीप घोष तथा हरजोरा में सपन गोराईं के नेतृत्व में बिना वैध पट्टा, पर्यावरणीय स्वीकृति और ई-चालान के जेसीबी, ट्रैक्टर और हाईवा से बालू का उठाव किया जा रहा है. बालू को खुले मैदानों में जमा कर दुमका और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में भेजने का भी आरोप लगाया गया है.
30-40 हाईवा की कतार का वीडियो देने का दावा
कंपनी का दावा है कि उसने पुलिस को शिकायत के साथ जीपीएस लोकेशन और समय सहित डिजिटल साक्ष्य सौंपे हैं. इनमें 14 नवंबर को शाम 4:38 से 4:47 बजे के बीच नारायणपुर-हरजोरा मार्ग पर बालू लोडिंग के इंतजार में खड़े 30-40 हाईवा और डंपरों का वीडियो शामिल है. इसके अलावा हमले के दौरान वाहन के अंदर से बनाया गया वीडियो और 11 व 14 नवंबर को बेनियाग्राम में बालू के भंडारण की जीपीएस तस्वीरें भी पुलिस को दी गयी हैं.
आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस सुरक्षा की मांग
कंपनी ने पुलिस प्रशासन से भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, सरकारी खनिज की चोरी और एमएमडीआर एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू और परिवहन में इस्तेमाल वाहनों की जब्ती तथा घाट पर सीसीटीवी लगाने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

